बेंगलुरु में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में डायबिटीज के क्षेत्र में नवाचार एवं जनजागरूकता के लिए मिला सम्मान, आजमगढ़ के चिकित्सा जगत में खुशी की लहर।
देवल संवाददाता, आजमगढ़। जनपद के वरिष्ठ चिकित्सक एवं डायबिटीज विशेषज्ञ डॉ. गौरव सिंह को डायबिटीज केयर एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में उनके अभिनव प्रयासों के लिए प्रतिष्ठित ‘Innovation in Diabetes Care Award’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान 20 नवंबर 2026 को बेंगलुरु स्थित एल्डोविया रिसॉर्ट्स एंड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित RSSDI (Research Society for the Study of Diabetes in India) के राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान प्रदान किया गया।
डॉ. गौरव सिंह वर्तमान में विजय सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, लच्छीरामपुर, आजमगढ़ में कंसल्टेंट फिजिशियन एवं डायबिटीज विशेषज्ञ के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने डायबिटीज की रोकथाम, समय पर पहचान और जनजागरूकता को लेकर निरंतर उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
डॉ. सिंह द्वारा सार्वजनिक स्थानों, सामुदायिक पार्कों, वेलनेस पार्कों, रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंडों एवं विद्यालयों में नियमित रूप से निःशुल्क रैंडम ब्लड ग्लूकोज जांच शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन अभियानों का उद्देश्य आम लोगों में मधुमेह के प्रति जागरूकता बढ़ाना, शुरुआती अवस्था में बीमारी की पहचान करना तथा लोगों को समय रहते उचित चिकित्सकीय परामर्श के लिए प्रेरित करना है।
यह सम्मान उन्हें अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर मधुमेह के क्षेत्र में प्रतिष्ठित पदों पर कार्यरत चिकित्सा विशेषज्ञों की उपस्थिति में प्रदान किया गया। इस अवसर पर IDF साउथ ईस्ट एशिया के चेयरमैन डॉ. बंशी साबू, RSSDI के महासचिव डॉ. राकेश पारिख, RSSDI के अध्यक्ष डॉ. सुनील गुप्ता, IDF के अध्यक्ष प्रो. डॉ. पीटर श्वार्ज तथा RSSDI के निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. अनुज माहेश्वरी उपस्थित रहे।
डॉ. गौरव सिंह की इस उपलब्धि से आजमगढ़ जनपद एवं स्थानीय चिकित्सा जगत में हर्ष का माहौल है। यह सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि जनपद में स्वास्थ्य जागरूकता और डायबिटीज की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान भी है।
डॉ. सिंह ने इस सम्मान के लिए RSSDI के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और अधिक समर्पण के साथ समाज में डायबिटीज जागरूकता, निःशुल्क जांच एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए कार्य करने की प्रेरणा देगा।
