कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर । सावन माह के चौथे सोमवार को जिलेभर के शिव मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भोर होते ही मंदिरों के कपाट खुलने के साथ ही श्रद्धालुओं की कतारें लगनी शुरू हो गईं। मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजता रहा। अकबरपुर-अयोध्या मार्ग स्थित प्रसिद्ध शिव बाबा धाम में सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते रहे। दूर-दराज के क्षेत्रों से आए महिला, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग श्रद्धालुओं ने कतार में लगकर भगवान शिव के दर्शन किए। भक्तों ने शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, फूल और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर जलाभिषेक किया और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। कई श्रद्धालु पैदल तो बड़ी संख्या में लोग निजी वाहनों से शिव बाबा धाम पहुंचे। मंदिर परिसर में सुबह से दोपहर तक श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। सावन के अंतिम सोमवार को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। शिव बाबा धाम के अलावा जिले के अन्य प्रमुख शिवालयों और ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों में भी सुबह से पूजा-अर्चना का दौर चलता रहा। श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर भगवान शिव का अभिषेक किया और विधि-विधान से पूजा की। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिरों और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई। पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ अधिकारियों ने भी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए। सावन के चौथे सोमवार को पूरे अम्बेडकरनगर में दिनभर भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा। मंदिरों में गूंजते शिव के जयकारों और जलाभिषेक के लिए उमड़ी भीड़ ने जिले को पूरी तरह शिवमय कर दिया।
सावन के चौथे सोमवार पर शिव मंदिरों में गूंजा बोल बम, सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
अगस्त 24, 2026
0
Tags
