कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।सप्लाई विभाग और राशन वितरण से जुड़े ठेकेदारों पर मनमानी और शोषण का आरोप लगाते हुए सोमवार को जिले के कोटेदारों ने प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट के निकट अम्बेडकर प्रतिमा परिसर में जुटे कोटेदारों ने अपनी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। साथ ही चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे ई-पॉस मशीनें जमा कर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा सकते हैं। कोटेदार संघ के जिलाध्यक्ष राज कुमार वर्मा उर्फ मेला ने आरोप लगाया कि विभाग और ठेकेदारों की ओर से नियुक्त निजी कर्मचारी कोटेदारों के साथ मनमानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से कोटेदारों की समस्याओं का समाधान नहीं होने के कारण उनमें नाराजगी बढ़ती जा रही है। प्रदर्शन के दौरान कोटेदारों ने राशन की बोरियों में निर्धारित मात्रा से कम खाद्यान्न मिलने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि कई बार गोदाम से मिलने वाले राशन का वजन मानक के अनुरूप नहीं होता, जिससे उन्हें वितरण के समय परेशानी और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। कुछ स्थानों पर राशन दुकानों तक खाद्यान्न नहीं पहुंचने की समस्या भी उठाई गई। कोटेदारों ने राशन कार्डों में अनियमितता का आरोप लगाते हुए कहा कि पात्रता की उचित जांच के बिना नाम जोड़े और हटाए जाने से वितरण व्यवस्था प्रभावित हो रही है। प्रदर्शनकारियों ने विभागीय स्तर पर शिकायतों का गंभीरता से निस्तारण कराने की मांग की। कोटेदारों का कहना है कि यदि उनकी समस्याओं पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो जिले के सभी कोटेदार ई-पॉस मशीनें जमा कर हड़ताल शुरू करने के लिए मजबूर होंगे। इससे जिले की सार्वजनिक वितरण प्रणाली प्रभावित हो सकती है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से राशन की निर्धारित मात्रा सुनिश्चित कराने, दुकानों तक खाद्यान्न पहुंचाने, राशन कार्डों से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने तथा विभागीय स्तर पर कथित मनमानी पर रोक लगाने की मांग की है। अब कोटेदारों की चेतावनी के बाद प्रशासन और पूर्ति विभाग की ओर से उठाए जाने वाले कदम पर नजर है।
राशन वितरण में कम खाद्यान्न मिलने का आरोप, अम्बेडकरनगर के कोटेदारों ने प्रदर्शन कर उठाईं कई मांगें
अगस्त 24, 2026
0
Tags
