देवल संवाददाता, निजामाबाद/आजमगढ़। तहसील क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रानी की सराय के अंतर्गत मझगांवा, फरिहा सहित विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का मंगलवार को एसीएमओ डॉ. उमाशरण पांडेय ने निरीक्षण किया। दोपहर करीब एक बजे पहुंचे एसीएमओ ने चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और आशा कार्यकत्रियों के साथ बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसीएमओ ने बताया कि रानी ब्लॉक क्षेत्र में अप्रैल माह से अब तक कुल 553 महिलाओं को जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई) का लाभ दिया गया है। इनमें से 495 लाभार्थियों को करीब 90 प्रतिशत भुगतान किया जा चुका है। शेष लाभार्थियों का भुगतान भी जल्द कराने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी कर्मचारियों को दी। साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों पर चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, समय से उपचार करने और दवा वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य केंद्रों पर पिछले 24 घंटे में करीब 480 मरीजों का उपचार कर उन्हें आवश्यक दवाएं वितरित की गईं। निरीक्षण के दौरान एसीएमओ ने कर्मचारियों की उपस्थिति, स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की भी जानकारी ली।
इस अवसर पर चिकित्सा प्रभारी रानी की सराय डॉ. कैप्टन मनीष त्रिपाठी, डॉ. कविता सिंह, डॉ. शहदाब, एआरओ रुचि सिंह, सीएचओ डॉ. संतोष सहित चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी और आशा कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।
