कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।आलापुर थाना क्षेत्र के चहोड़ा घाट पर बुधवार को सरयू नदी के किनारे फोटो खिंचवाते समय एक युवती का पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में समा गई। बहन को डूबता देख छोटी बहन भी उसे बचाने नदी में कूद पड़ी। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने छोटी बहन को तो सुरक्षित निकाल लिया, लेकिन बड़ी बहन जया पाण्डेय लापता हो गई। तलाश जारी है।जानकारी के अनुसार जोगीपुर बहिगवां ग्राम पंचायत निवासी शैलेश पाण्डेय की पुत्रियां जया पाण्डेय और शुभी पाण्डेय चहोड़ा घाट पहुंची थीं। नदी किनारे फोटो खिंचवाते समय अचानक जया का पैर फिसल गया और वह सरयू की तेज धारा में जा गिरी। बहन को डूबता देख शुभी ने अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में छलांग लगा दी।आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बचाव का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों की तत्परता से शुभी को नदी से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन जया का कोई पता नहीं चल सका। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।शुभी पाण्डेय को तत्काल रामनगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां पीएचसी अधीक्षक डॉ. आशीष राय की देखरेख में उपचार चल रहा है। चिकित्सक के अनुसार वे फिलहाल खतरे से बाहर हैं।आलापुर पुलिस को सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष बीरेन्द्र बहादुर सिंह पुलिसकर्मियों, गोताखोरों और ग्रामीणों के साथ तलाशी अभियान में जुट गए। सरयू की तेज धारा और गहराई के कारण खोजबीन में मुश्किलें आ रही हैं। जोगीपुर बहिगवां समेत आसपास के गांवों में शोक और चिंता का माहौल है। परिजन घाट पर पहुंचकर जया की सलामती की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
सरयू में फिसलकर गिरी युवती, बहन भी कूदी; एक सुरक्षित, दूसरी लापता
अगस्त 27, 2026
0
Tags
