देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा ने गुरुवार को थाना रायपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, बैरक, हवालात, मालखाना समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का जायजा लेते हुए साफ-सफाई एवं अभिलेखों के रख-रखाव की स्थिति देखी।
पुलिस अधीक्षक ने थाना कार्यालय में अपराध रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, शिकायत प्रार्थना पत्र एवं अन्य अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने लंबित विवेचनाओं और प्रार्थना पत्रों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, रात्रि गश्त बढ़ाने तथा क्षेत्र में सतर्कता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर में तैनात पुलिसकर्मियों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने पुलिसकर्मियों को कर्तव्य के प्रति सजग रहते हुए पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
