कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।दस वर्ष पहले ग्राम सहाबुद्दीनपुर मे बनी जिला पंचायत से सड़क धंसी जलभराव से ग्रामीण परेशान हैं शिकायत के बाद भी नहीं हो सकी सड़क की मरम्मत जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
मालूम हो विकास खंड जहांगीरगंज की ग्राम सभा सहबुद्दीनपुर में जिला पंचायत से बनी सड़क वर्षों से धंसी हुई है। सड़क के धंस जाने के कारण बरसात के दिनों में हमेशा घुटने तक जलभराव की स्थिति बनी रहती है। पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की समस्या को लेकर अक्सर ग्राम प्रधान को जिम्मेदार ठहराया जाता है जबकि संबंधित सड़क जिला पंचायत के अधीन है। ग्राम प्रधान श्रीमती लाली देवी प्रधान प्रतिनिधि टिंकू तिवारी ने बताया कि समस्या को देखते हुए जिला पंचायत में आईजीआरएस के माध्यम से शिकायत की गई थी जिला पंचायत के कर्मचारी मौके पर पहुंच कर सड़क को दुरुस्त कराने का आश्वासन देकर चले गए लेकिन आज तक कुछ नहीं हुआ और ग्राम वासी काफी दिक्कत उठा रहे हैं। ग्राम प्रधान ने कहा कि यदि जिला पंचायत ग्राम पंचायत को एनओसी जारी कर देता तो ग्राम पंचायत ही इस भयंकर समस्या से ग्रामीणों को छुटकारा दिलाने का कार्य शुरू करती। ग्रामीणों के अनुसार ग्राम पंचायत का बजट सीमित होने के कारण प्रधान अपने स्तर से स्थायी समाधान कराने में असमर्थ हैं। यदि नाली निर्माण जैसी व्यवस्था भी कराई जाए तो उसके लिए पर्याप्त बजट की आवश्यकता होगी। ग्रामीणों का आरोप है कि यह सड़क मुख्य मार्ग पर होने के बावजूद जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस तरफ नहीं जा रहा है। ग्रामीण अंजनी तिवारी, दिनेश, पद्माकर, रमाशंकर, उग्रसेन, ऋतिक, आदित्य, आदर्श, राणा तिवारी, राधिका, पवन कुमार तिवारी, मयंक का कहना है कि ब्लॉक प्रमुख, क्षेत्र पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य तथा संबंधित विभाग के अधिकारियों को इस समस्या का संज्ञान लेकर जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था करानी चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके नही तो भविष्य में ग्रामीणों को नाव की व्यवस्था करनी पड़ेगी।
