देवल संवाददाता, मऊ। जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने तहसील मधुबन के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र विंटोलिया का पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति एवं उससे बचाव के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ से बचाव एवं राहत कार्यों के दृष्टिगत सभी आवश्यक तैयारियां पहले से ही पूर्ण कर ली जाएं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सतत निगरानी बनाए रखने तथा जलस्तर एवं तटबंधों आदि की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश भी दिए।जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित ग्रामवासियों से संवाद कर बाढ़ के दौरान आने वाली समस्याओं एवं उनकी आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि प्रशासन बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क एवं सजग है तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जाएंगे।उन्होंने राजस्व,सिंचाई सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए सभी आवश्यक संसाधन,उपकरण एवं व्यवस्थाएं पूर्व से ही सुनिश्चित रखें। साथ ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार भ्रमण एवं निगरानी करते हुए किसी भी आकस्मिक स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बाढ़ की स्थिति में जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार सहित राजस्व एवं सिंचाई विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
