देवल संवाददाता, आजमगढ़। मुबारकपुर थाना पुलिस ने फर्जी चिकित्सकीय कार्य और कथित लापरवाही से मरीज की मौत के मामले में वांछित आर्य नन्दिनी नर्सिंग होम के संचालक को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार 15 जुलाई 2026 को वादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी मां श्याम दुलारी को पेट में दर्द (हर्निया) के इलाज के लिए हरैया मोड़, अबाड़ी सठियांव स्थित आर्य नन्दिनी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि नर्सिंग होम संचालक गुलाब चन्द चौहान ने परिजनों की जानकारी और सहमति के बिना ऑपरेशन कर दिया, जिसके दौरान मरीज की मौत हो गई।
इस मामले में थाना मुबारकपुर पर मु0अ0सं0-264/2026 के तहत धारा 105 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान 6 अगस्त को उपनिरीक्षक मोहम्मद शमशाद खान ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए आरोपी गुलाब चन्द चौहान (52 वर्ष), निवासी ग्राम भुसुड़ी, थाना मुबारकपुर, को हरैया रेलवे अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध इसी मामले का आपराधिक अभियोग दर्ज है।
