देवल संवाददाता, आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र में मरीज की मौत के मामले में पुलिस ने वांछित नर्सिंग होम संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर फर्जी चिकित्सकीय कार्य एवं लापरवाही से मरीज की मृत्यु होने के मामले में मुकदमा दर्ज था। पुलिस के मुताबिक, 15 जुलाई 2026 को एक व्यक्ति ने थाना मुबारकपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी माता श्याम दुलारी को पेट दर्द (हर्निया) के उपचार के लिए आर्य नन्दिनी नर्सिंग होम, हरैया मोड़, अबाड़ी सठियांव में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि नर्सिंग होम संचालक गुलाब चन्द चौहान ने परिजनों की जानकारी और सहमति के बिना मरीज का ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के दौरान मरीज की मौत हो गई।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0 264/2026, धारा 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मो. शमशाद खान द्वारा की जा रही थी। विवेचना के क्रम में पुलिस टीम ने 6अगस्त को करीब 3:05 बजे गुलाब चन्द चौहान को हरैया रेलवे अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 52 वर्ष है और वह आर्य नन्दिनी नर्सिंग होम का संचालक है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया।
