देवल संवाददाता, मऊ। जनपद में संभावित बाढ़ की स्थिति के दृष्टिगत जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने ग्राम धर्मपुर बिशनपुर (विंटोलिया) के समीप संचालित कटावरोधी एवं बाढ़ सुरक्षात्मक मरम्मत कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बाढ़ सुरक्षा परियोजना की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान परियोजना सुरक्षित पाई गई तथा आवश्यक सुरक्षात्मक एवं मरम्मत कार्य निरंतर संचालित होते मिले। अधिकारियों ने अवगत कराया कि वर्तमान में सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता सिंचाई को सभी तटबंधों एवं बाढ़ से बचाव हेतु संचालित परियोजनाओं की नियमित एवं सघन निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए सभी व्यवस्थाएं पूर्णतः सक्रिय एवं अलर्ट मोड में रखी जाएं।जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी एवं उप जिलाधिकारी मधुबन को प्रतिदिन बाढ़ की स्थिति तथा बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं से संबंधित सूचनाओं का नियमित आदान-प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने सहायक अभियंता एवं अवर अभियंता (जूनियर इंजीनियर) सिंचाई विभाग को भी उप जिलाधिकारी मधुबन के साथ सतत समन्वय एवं संपर्क बनाए रखते हुए बाढ़ पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कटावरोधी कार्यों के अंतर्गत किए जा रहे नियमित सुरक्षात्मक उपायों का भी अवलोकन किया। इसके उपरांत उन्होंने ग्राम धर्मपुर बिशनपुर के विंटोलिया टोला पहुंचकर स्थानीय परिस्थितियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में निरंतर सतर्क एवं सजग रहकर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण,लखनऊ से आए विशेषज्ञों के साथ बैठक कर बाढ़ के दौरान जन-धन की हानि को न्यूनतम करने की रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में विशेषज्ञों द्वारा बचाव एवं राहत कार्यों के संबंध में दिए गए सुझावों पर विचार-विमर्श किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन सुझावों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें,ताकि संभावित बाढ़ की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जा सकें।निरीक्षण एवं बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर,अपर जिलाधिकारी प्रवीण कुमार,उप जिलाधिकारी मधुबन दीपक कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता सिंचाई संजय मातरे सहित सिंचाई विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
