अमेरिका के दो राज्यों, न्यूयार्क और न्यू जर्सी ने 15 अगस्त को भारत स्वतंत्रता दिवस घोषित किया है। न्यूयार्क की गवर्नर कैथी होचुल ने राज्य में 15 अगस्त 2026 को भारत स्वतंत्रता दिवस घोषित करते हुए एक आदेश जारी किया, जबकि न्यू जर्सी की गवर्नर मिकी शेरिल ने भी ऐसी ही घोषणा की।
न्यूयार्क में भारतीय वाणिज्य दूतावास ने कहा कि ये घोषणाएं 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले की गई हैं और ये भारत की आजादी की यात्रा और भारत व अमेरिका के साझा लोकतांत्रिक मूल्यों को रेखांकित करती हैं।
न्यूयार्क और न्यू जर्सी पड़ोसी राज्य हैं और यहां अमेरिका के सबसे बड़े और सबसे प्रभावशाली भारतीय-अमेरिकी समुदाय रहते हैं। यहां रहने वाले भारतीय मूल के लोग व्यापार, स्वास्थ्य सेवा, टेक्नोलाजी, शिक्षा और जनसेवा जैसे क्षेत्रों में अहम योगदान दे रहे हैं।
न्यूयार्क में, होचुल की घोषणा में राज्य के सांस्कृतिक, आर्थिक और नागरिक जीवन में भारतीय-अमेरिकी समुदाय के योगदान को मान्यता दी गई। इसमें औपनिवेशिक शासन के खिलाफ भारत के संघर्ष और आत्म-निर्णय, स्व-शासन और लोकतंत्र के प्रति उसकी प्रतिबद्धता पर भी प्रकाश डाला गया।
न्यू जर्सी में, शेरिल के घोषणा-पत्र में राज्य को अमेरिका में सबसे बड़े और सबसे जीवंत भारतीय-अमेरिकी समुदायों में से एक का घर बताया गया। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, रिसर्च, टेक्नोीलाजी, बिजनेस, जन-सेवा और सामुदायिक नेतृत्व के क्षेत्रों में उनके योगदान को मान्यता दी गई।
