कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर । रक्षाबंधन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रोडवेज विभाग ने अकबरपुर डिपो में विशेष व्यवस्था लागू की है। 26 से 31 अगस्त तक लगातार छह दिन अतिरिक्त ड्यूटी कराई जाएगी, ताकि बसों के अधिक फेरे चलाकर यात्रियों को राहत दी जा सके। इस अवधि में बिना अवकाश ड्यूटी करने वाले चालक और परिचालकों को 1200 रुपये प्रोत्साहन राशि और 500 रुपये यात्रा भत्ता दिया जाएगा। यानी उन्हें कुल 1700 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। योजना का लाभ लेने के लिए चालक-परिचालकों को इस अवधि में कम से कम 1800 किमी बस संचालन करना होगा। वर्कशॉप कर्मचारियों को भी बिना अवकाश ड्यूटी पर प्रोत्साहन दिया जाएगा। अकबरपुर डिपो से वर्तमान में करीब 92 बसों का संचालन होता है, लेकिन स्टाफ की कमी के कारण करीब 20 बसें अक्सर खड़ी रहती हैं। त्योहार के दौरान यही कमी चुनौती बन सकती है। इसे देखते हुए विभाग ने उपलब्ध स्टाफ से ही अधिकतम बस संचालन कराने की रणनीति बनाई है। रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों के दबाव वाले रूटों पर अतिरिक्त फेरे चलाए जाएंगे। साथ ही वर्कशॉप कर्मचारियों को अलर्ट रखा गया है, ताकि किसी भी तकनीकी खराबी को तुरंत दूर कर बसों को संचालन में रखा जा सके। डिपो संचालन प्रभारी लक्ष्मी देवी ने बताया कि विभाग का लक्ष्य है कि त्योहार के दौरान यात्रियों को बस के लिए इंतजार न करना पड़े और उन्हें सुरक्षित व समय पर गंतव्य तक पहुंचाया जा सके।
रक्षाबंधन पर रोडवेज की विशेष तैयारी, अकबरपुर डिपो में 26–31 अगस्त तक अतिरिक्त ड्यूटी
अगस्त 18, 2026
0
Tags
