जापान के ऐची-नगोया में होने वाले एशियन गेम्स 2026 के लिए अफगानिस्तान ने अपनी टीम का एलान कर दिया है। टीम में कई युवा खिलाड़ियों को शामिल किया है। राशिद खान और अजमतुल्लाह उमरजई जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को टूर्नामेंट के स्क्वाड में शामिल नहीं किया गया है। 26 वर्षीय दरविश रसूली को नया कप्तान बनाया गया है। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने युवाओं से सजी टीम को भेजा है।
दरविश रसूली ने अफगानी टीम के लिए वनडे और टी20 फॉर्मेट खेल चुके हैं। वे टीम की कप्तानी करते हुए दिखेंगे। इस टीम में उन खिलाड़ियों को अधिक तरजीह दी गई है, जिन्होंने शपागीजा क्रिकेट लीग में शानदार खेल दिखाया था। एक तरफ जहां बीसीसीआई ने दिग्गजों से सजी टीम एशियन गेम्स में भेजने का फैसला किया है, वहीं एसीबी ने युवा प्लेयर्स पर भरोसा जताया है।
दरविश रसूली बने कप्तान
रसूली ने अब तक अफगानिस्तान के लिए 28 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 22.39 की औसत और 124.39 की स्ट्राइक रेट के साथ 515 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 4 अर्धशतक निकले हैं। एशियन गेम्स 2026 टी20 फॉर्मेट में खेला जाना है और वे कप्तानी करते नजर आएंगे।
युवा खिलाड़ियों को मिली जगह
टीम में टॉप ऑर्डर बैटर मोहम्मद अकरम को भी शामिल किया गया है। उन्होंने शपागीजा लीग में शानदार प्रदर्शन किया था, जिससे उन्हें चयनकर्ता राष्ट्रीय टीम में चुनने को मजबूर हो गए। उन्होंने 8 पारियों में 339 रन बनाए थे, जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल रहे। ऑलराउंडर इस्मत अली को भी टीम में जगह मिली है। उन्होंने उसी टूर्नामेंट में 294 रन बनाए थे और 9 विकेट भी हासिल किए थे।
टीम में दो अनुभवी खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है। इसमें नजीबुल्लाह जादरान और करीम जनत का शामिल है। ये दोनों टीम को अनुभव प्रदान करते हैं लेकिन बाकी सभी युवा प्लेयर्स को टीम में शामिल किया गया है।
एशियन गेम्स के लिए अफगानिस्तान की टीम
दरविश रसूली (कप्तान), मोहम्मद इशाक (विकेट कीपर), मोहम्मद अकरम, हसन ईसाखिल, खालिद तनिवाल, इमरान मीर, फैसल खान शिनोजादा, नजीबुल्लाह जादरान, फरमानुल्लाह सफी, इस्मत आलम, करीम जनत, नांग्याल खारोटी, अरब गुल मोमंद, फरीदून दाऊदजई, अब्दुल्ला अहमदजई।
