देवल संवाददाता, आजमगढ़। अतरौलिया में गुरुवार को निषाद पार्टी के बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
सम्मेलन से पहले मदियापार मोड़ पर पूर्व विधानसभा प्रत्याशी प्रशांत कुमार सिंह के नेतृत्व में डॉ. संजय निषाद का भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद वह कार्यकर्ताओं के साथ करीब दो किलोमीटर पैदल मार्च करते हुए अतरौलिया स्थित मनोज मैरिज हॉल पहुंचे, जहां सम्मेलन आयोजित हुआ।
अपने संबोधन में डॉ. संजय निषाद ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद पार्टी बूथ गठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई के संकल्प का ही परिणाम है कि आज निषाद पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुकी है। उन्होंने दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी संगठन के विस्तार का दावा किया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के अधिकारों और आने वाली पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने की अपील की। साथ ही कहा कि अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र में निषाद समाज की अच्छी भागीदारी है और मजबूत संगठन से पार्टी को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने पूर्व विधानसभा प्रत्याशी प्रशांत कुमार सिंह को पार्टी का मजबूत नेता बताते हुए कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा के साथ संगठन को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
सम्मेलन का संचालन दिलीप निषाद ने किया। इस दौरान पूर्व विधानसभा प्रत्याशी प्रशांत कुमार सिंह, डॉ. अमित कुमार निषाद, चंद्रभान निषाद, अंगद निषाद, श्रीचंद निषाद, हीरा निषाद, विजय निषाद, जनक नंदिनी निषाद, पुष्पा निषाद, ज्योति कश्यप सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुस्लिम, जायसवाल और राजभर समाज के दो दर्जन से अधिक लोगों ने निषाद पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
