देवल संवाददाता, आजमगढ़। कमिश्नर की सुरक्षा ड्यूटी पूरी कर पुलिस लाइन लौट रहे उत्तर प्रदेश पुलिस के आरक्षी बलवंत सिंह यादव की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। गुरुवार को पुलिस लाइन, आजमगढ़ में उन्हें पूरे राजकीय सम्मान और गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
पुलिस विभाग के अनुसार, 15 जुलाई 2026 की रात करीब 11:00 बजे थाना सिधारी क्षेत्र के बेलईशा पुल के पास आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर एक अनुबंधित बस (संख्या UP 50 DT 7577) ने आरक्षी बलवंत सिंह यादव को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वह कमिश्नर, आजमगढ़ की सुरक्षा ड्यूटी पूरी कर पुलिस लाइन वापस लौट रहे थे।
दिवंगत आरक्षी बलवंत सिंह यादव पुत्र मोती सिंह यादव जनपद चंदौली के थाना धीना क्षेत्र के ग्राम करजरा, पोस्ट एवती के निवासी थे। उनका जन्म 7 मार्च 1997 को हुआ था। उन्होंने 17 दिसंबर 2022 को उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस के पद पर सेवा शुरू की थी और वर्तमान में कमिश्नर, आजमगढ़ की सुरक्षा ड्यूटी में तैनात थे।
