आमिर, देवल ब्यूरो ,समोधपुर, जौनपुर। गांधी स्मारक पीजी कॉलेज, समोधपुर में गुरुवार को शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण में किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ आयोजित कार्यक्रम में नए सत्र की सफलता, विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और महाविद्यालय की निरंतर प्रगति की कामना की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती एवं अवधूत भगवान राम के पूजन-अर्चन से हुई। इस दौरान "अघोरान्न परो मन्त्रो नास्ति तत्त्वं गुरोः परम्" मंत्र के उच्चारण के साथ ज्ञान, सद्बुद्धि और सफलता की प्रार्थना की गई। पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।
महाविद्यालय के प्रबंधक हृदय प्रसाद सिंह 'रानू' एवं प्राचार्य प्रो. रणजीत कुमार पाण्डेय ने छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए उन्हें नए सत्र के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के चरित्र निर्माण, व्यक्तित्व विकास और राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला है। विद्यार्थियों को अनुशासन, नियमित अध्ययन, नैतिक मूल्यों और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी गई।
उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर ही विद्यार्थी अपने जीवन में ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकते हैं। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों से महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय प्रशासन ने नवप्रवेशी एवं पूर्ववर्ती विद्यार्थियों का नए शैक्षणिक सत्र में स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल शैक्षणिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।
