आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगा राम गौतम ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नेवढ़िया और जमालापुर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और सरकारी योजनाओं के संचालन का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएचसी रामनगर पहुंचकर सीएमओ ने ओपीडी, लेबर रूम, लेबर वार्ड तथा प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) दिवस के तहत संचालित व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती गर्भवती महिलाओं और उपचार के लिए आए मरीजों से सीधे बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं, दवाओं और सरकारी योजनाओं के लाभ की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने जननी सुरक्षा योजना, आयुष्मान भारत योजना सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की समय से पहचान कर उनकी आवश्यक जांच कराई जाए और जरूरत पड़ने पर बिना विलंब उच्च केंद्रों पर रेफर किया जाए। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
सीएमओ ने अस्पताल प्रशासन से कहा कि सभी पात्र लाभार्थियों तक शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचे। साथ ही अस्पतालों में साफ-सफाई, दवा उपलब्धता, नियमित चिकित्सकीय सेवाएं और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान सीएचसी रामनगर के अधीक्षक डॉ. अभिषेक सिंह, डॉ. अंकित शर्मा, डॉ. अश्विनी सिंह सहित अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।
.jpeg)