कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तीसरे दिन तहसील तिराहा पर एक विशेष नेत्र शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें ऑटो चालकों, ई-रिक्शा चालकों एवं अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं का निःशुल्क नेत्र परीक्षण किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने सड़क उपयोगकर्ताओं को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के महत्व, सुरक्षित यातायात व्यवहार तथा सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया। साथ ही सड़क सुरक्षा संबंधी पम्पलेट वितरित कर घर-घर तक सुरक्षित यातायात का संदेश पहुँचाने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर नितीश तिवारी, लोक निर्माण विभाग के वैयक्तिक सहायक रामजी वर्मा, प्रभारी यातायात जय बहादुर यादव, मुख्य आरक्षी राजेश कमलेश्वर मिश्रा, आरक्षी रामप्रवेश, अतुलेन्द्र, लक्ष्मी, शिवम, सचिन, प्रवीण एवं अतुल के साथ सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर रोड सेफ्टी (CoERS), आईआईटी मद्रास के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत प्रतापपुर कलां में सड़क सुरक्षा रैली का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सुरक्षित सड़क व्यवहार अपनाने का संकल्प लिया।
अभियान के अगले चरण में 180 सड़क सुरक्षा मित्रों का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा, जिसके माध्यम से उन्हें सड़क सुरक्षा के मूल सिद्धांतों से अवगत कराया जाएगा, ताकि वे आगामी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए जनजागरूकता के प्रभावी दूत बन सकें।
जनभागीदारी पर आधारित यह अभियान अम्बेडकर नगर में सड़क सुरक्षा को एक स्थायी जनआन्दोलन के रूप में स्थापित करने की दिशा में निरंतर अग्रसर है।
.jpeg)