कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र में पुलिस की निष्क्रियता एक बार फिर सुर्खियों में है। जमीनी विवादों को लेकर पहले से चर्चा में रहने वाली इस थाने के सामने अब कानून व्यवस्था की चुनौती भी खड़ी हो गई है। गुरुवार को असनारा गांव में दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी है।
मिली जानकारी के अनुसार असनारा गांव निवासी चंद्रभान यादव के घर गुरुवार दोपहर अज्ञात चोर घुस गए। घर में कोई मौजूद नहीं था। चोरों ने कमरों के ताले तोड़कर चंद्रभान की बहू रीना यादव के लाखों रुपये के जेवरात, एक लैपटॉप, मोबाइल और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
घटना की जानकारी जब परिजनों को हुई तो हड़कंप मच गया। पीड़ित परिवार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।एक महीने में दूसरी बड़ी वारदात
यह कोई पहली घटना नहीं है। कुछ दिन पहले ही इसी असनारा गांव में चोरों ने एक साथ 5 घरों को निशाना बनाया था। उस वारदात में भी चोर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी ले उड़े थे। लगातार हो रही इन चोरियों से ग्रामीणों में आक्रोश है।ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में गश्त न के बराबर है और सूचना देने के बाद भी पुलिस देर से पहुंचती है। इसी वजह से चोरों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
नए थानाध्यक्ष के कार्यकाल में बढ़े मामले
उल्लेखनीय है कि राजेसुल्तानपुर थाने में नवागत थानाध्यक्ष तनुज पाल ने हाल ही में कार्यभार संभाला है। उनके आने के बाद से क्षेत्र में चोरी, जमीनी विवाद और अन्य आपराधिक घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे आमजन का पुलिस पर भरोसा कमजोर होता दिख रहा है।इस संबंध में थानाध्यक्ष तनुज पाल से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
