फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव, स्वच्छता, जनजागरूकता एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान, जुलाई-2026 (01 जुलाई से 31 जुलाई 2026) के अंतर्गत प्रथम जनपद स्तरीय साप्ताहिक समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में 01 जुलाई से अब तक अभियान के तहत विभिन्न विभागों द्वारा संचालित गतिविधियों की विभागवार समीक्षा करते हुए अभियान को और अधिक प्रभावी एवं परिणामपरक बनाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी अधिशाषी अधिकारियों एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को संचारी रोगों की रोकथाम हेतु फॉगिंग एवं एंटी लार्वा छिड़काव नियमित, व्यापक एवं और प्रभावी ढंग से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियान के अंतर्गत निर्धारित सभी गतिविधियां विभागीय समन्वय के साथ समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं शत-प्रतिशत लक्ष्यपूर्ति के साथ संचालित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी चिकित्सा अधीक्षकों, एमओआईसी एवं चिकित्सकों को अपने दायित्वों का संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करने के निर्देश देते हुए कहा कि चिकित्सालयों में नियमित अच्छी साफ-सफाई रखी जाए, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं एवं आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने जिला कृषि अधिकारी को चूहों एवं छछूंदरों से फैलने वाले रोगों के प्रति किसानों को जागरूक करने, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को सुअर पालकों का संवेदीकरण, सुअर बाड़ों की नियमित साफ-सफाई तथा एईएस/जेई जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव हेतु संबंधित लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही संचारी रोगों की रोकथाम से संबंधित सभी विभागीय गतिविधियों को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सैम एवं मैम (SAM/MAM) बच्चों के समयबद्ध चिन्हीकरण, उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श, पोषण एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) में भर्ती कराकर समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जिला चिकित्सालय, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित कृषि, पशुपालन, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
