आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जिला कारागार में निरुद्ध एक बंदी को कथित रूप से सांप के डसने का मामला सामने आया है। बंदी की तबीयत बिगड़ने पर पहले उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बीएचयू वाराणसी रेफर कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, ताज मोहम्मद (25 वर्ष) पुत्र सुहेल, निवासी बड़ा गांव थाना शाहगंज, को चोरी के एक मामले में स्थानीय पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जिला कारागार भेजा था। बताया जा रहा है कि रविवार देर रात बैरक में उसे सांप ने डस लिया, जिसके बाद उसकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी।
बंदी की तबीयत खराब होने पर जेल प्रशासन ने तत्काल उसे बंदी रक्षकों की निगरानी में जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बीएचयू वाराणसी रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।
इस संबंध में जेल अधीक्षक से दूरभाष पर संपर्क किए जाने पर उन्होंने बताया कि वह उस समय कार्यालय में मौजूद नहीं थे। उन्होंने कहा कि मामले से संबंधित रिकॉर्ड कार्यालय में उपलब्ध है और उसे देखने के बाद ही विस्तृत जानकारी दी जा सकेगी। फिलहाल घटना को लेकर आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
