आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जंघई जंक्शन रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह ट्रॉली बैग में बम होने की सूचना मिलने से रेलवे और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और मीरगंज थाना पुलिस ने तत्काल स्टेशन पहुंचकर सुरक्षा घेरा बना लिया और पूरे परिसर में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। करीब दो घंटे तक चली जांच के बाद कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 6:20 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने जीआरपी को फोन कर बताया कि प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर रखे एक ट्रॉली बैग में बम है और उससे आवाज आ रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए रेलवे कंट्रोल रूम को अलर्ट किया गया, जिसके बाद आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई।
थानाध्यक्ष अरविंद सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर 1 से 5 तक, यात्रियों के सामान तथा स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया की बारीकी से तलाशी ली। इस दौरान स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई, जिससे कुछ समय के लिए यात्रियों में भी दहशत का माहौल रहा।
करीब दो घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन में कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। इसके बावजूद एहतियातन प्रयागराज से बम निरोधक दस्ते को भी बुलाया गया है, ताकि पूरे स्टेशन की दोबारा जांच कराई जा सके।
थानाध्यक्ष अरविंद सिंह ने बताया कि बम की सूचना पूरी तरह गंभीरता से लेते हुए स्टेशन के हर हिस्से की जांच की गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। उन्होंने कहा कि फोन कर झूठी सूचना देने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान की जा रही है और उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
