आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। सुजानगंज थाना क्षेत्र के रायपुर कला गांव में सोमवार देर रात एक विवाहिता का शव घर में फांसी के फंदे से लटकता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतका की पहचान रीना पटेल (30 वर्ष) पत्नी दिलीप पटेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रीना की शादी करीब नौ वर्ष पूर्व हुई थी। उनके दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें पांच वर्षीय बेटी परी और चार वर्षीय बेटा दिवांस उर्फ गोलू शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच चल रहे घरेलू विवाद को घटना का संभावित कारण माना जा रहा है।
घटना के बाद मृतका के पिता ने सुजानगंज थाने में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी बेटी और दामाद के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। उनका कहना है कि करीब एक माह पहले भी रीना ने अपनी सुरक्षा को लेकर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन उस समय दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था।
पिता के अनुसार, सोमवार शाम भी घर में विवाद की सूचना मिली थी और कुछ ही देर बाद बेटी के आत्महत्या करने की खबर मिली। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
थानाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू कलह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।
.jpeg)