आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी की ओर से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती संस्मरण पखवाड़ा के अंतर्गत बुधवार को एक भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता करते हुए डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों और उनके योगदान को श्रद्धापूर्वक याद किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद वक्ताओं ने उनके जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में निभाई गई भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
मुख्य वक्ता एवं भाजपा प्रदेश मंत्री संचिता सिंह चौहान ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता और अखंड भारत के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आज भी प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके विचार देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने का संदेश देते हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का बलिदान भारतीय राजनीति के इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का उनका दृष्टिकोण आज भी प्रासंगिक है और कार्यकर्ताओं को उनके आदर्शों पर चलकर समाज और राष्ट्र की सेवा करनी चाहिए।
सम्मेलन में अन्य वक्ताओं ने भी डॉ. मुखर्जी के शिक्षा, राजनीति और राष्ट्र निर्माण में योगदान का उल्लेख करते हुए उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री अजय सिंह ने किया। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
