आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। लाइनबाजार थाना क्षेत्र के परियावा गांव में गुरुवार सुबह खेत के चारों ओर लगाए गए कथित अवैध विद्युत करंट की चपेट में आने से 40 वर्षीय एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस जब शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लेने लगी तो ग्रामीणों ने विरोध करते हुए खेत मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की।
जानकारी के अनुसार, परियावा गांव निवासी साहबलाल गौतम (40) पुत्र फेरई राम गौतम सुबह घर से शौच के लिए गांव के पोखरे की ओर गए थे। रास्ते में एक खेत के पास से गुजरते समय वह करंट प्रवाहित लोहे के तार की चपेट में आ गए। करंट लगने से वह मौके पर ही गिर पड़े और उनकी मृत्यु हो गई।
बताया जा रहा है कि खेत मालिक ने बाजरे की फसल को छुट्टा पशुओं से बचाने के लिए खेत के चारों ओर लोहे के तार में बिजली का करंट प्रवाहित कर रखा था। इसी दौरान तार टूटकर खेत के बगल स्थित बगीचे तक पहुंच गया, जिसकी चपेट में साहबलाल आ गए।
घटना के समय आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने इसका विरोध करते हुए खेत मालिक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि कार्रवाई के बाद ही शव उठाने दिया जाएगा।
समाचार लिखे जाने तक शव घटनास्थल पर ही पड़ा था और पुलिस ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रही थी। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
