आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित पंजीकरण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट परिसर में जन सुविधा केंद्र का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया।
उद्घाटन के अवसर पर जिलाधिकारी ने बताया कि जन सुविधा केंद्र प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे से रात 10:00 बजे तक संचालित रहेगा। यहां आमजन अपनी शिकायतें आसानी से दर्ज करा सकेंगे, जिनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विशेष रूप से शनिवार और रविवार को भूमि कब्जे एवं राजस्व से जुड़े विवादों में प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की व्यवस्था की गई है। आपात स्थिति में प्राप्त शिकायतों को संबंधित लेखपाल और कानूनगो को व्हाट्सएप के माध्यम से तत्काल भेजा जाएगा, ताकि मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि केंद्र पर प्राप्त सभी शिकायतों का रजिस्टर और डिजिटल रिकॉर्ड अनिवार्य रूप से तैयार किया जाए। साथ ही राजस्व और पुलिस विभाग आपसी समन्वय के साथ संवेदनशील मामलों में तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, उप जिलाधिकारी सदर योगिता सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
.jpeg)