आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का 53वां जन्मदिन बुधवार को समाजवादी पार्टी जौनपुर की ओर से नगर स्थित मंगलम लॉन में उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने 11 किलो का केक काटकर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं और 111 पौधों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी विचारधारा लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) समाज को सामाजिक न्याय और भाईचारे के सूत्र में जोड़ने का कार्य अखिलेश यादव ने प्रभावी ढंग से किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि पार्टी के निर्देश पर 1 जुलाई से 7 जुलाई तक जनपद के प्रत्येक बूथ पर पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत कार्यकर्ता अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे और अखिलेश यादव के स्वस्थ, दीर्घायु एवं शतायु जीवन की कामना करेंगे।
इस अवसर पर उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा, भाईचारे और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के संकल्प को भी दोहराया।
कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव आरिफ हबीब ने किया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री श्रीराम यादव, पूर्व मंत्री राजनारायण बिंद, पूर्व विधायक लालबहादुर यादव, पूर्व विधायक श्रद्धा यादव, वरिष्ठ नेता लालचंद यादव 'लाले', शकील अहमद, रमापति यादव, महावीर यादव, डॉ. शिवजीत यादव, संदीप यादव सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
