कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।अम्बेडकरनगर जनपद के कोतवाली व तहसील अकबरपुर क्षेत्र के ग्राम सिझौली में पुश्तैनी भूमि पर कब्जे को लेकर विवाद सामने आया है। ग्राम निवासी लीलावती, कलावती एवं धनिया देवी ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि गांव के ही व्यक्ति खुशीराम पुत्र अच्छे लाल ने उनके गाटा संख्या 2442, 2443 एवं 2444 की भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया है।पीड़ित महिलाओं का कहना है कि वर्षों से उनके कब्जे वाली इस जमीन पर जब भी वे जाती हैं तो विपक्षी पक्ष द्वारा गाली-गलौज, अभद्रता और जान से मारने की धमकी दी जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि 1 जुलाई को भूमि पर लगाए गए पिलर को भी उखाड़ दिया गया। महिलाओं ने यह भी बताया कि 3 जुलाई को एसडीएम के निर्देश पर राजस्व विभाग द्वारा दोनों पक्षों को बुलाकर मौके पर पैमाइश कराई गई, लेकिन इसके बावजूद विपक्षी पक्ष कब्जा छोड़ने को तैयार नहीं है और महिलाओं को आगे करके विवाद को बढ़ावा दे रहा है।पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा उन्हें अपनी पुश्तैनी भूमि पर सुरक्षित कब्जा दिलाने की मांग की है। शिकायत मिलने के बावजूद पुलिस द्वारा अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने का आरोप भी लगाया गया है।
*विपक्षी पक्ष का बयान अभी नहीं मिला*
इन आरोपों पर विपक्षी खुशीराम का पक्ष अभी तक सामने नहीं आया है। मीडिया द्वारा संबंधित अधिकारियों (कोतवाली प्रभारी/सीओ सिटी) से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन नॉट रीचेबल रहा। नोट: उपरोक्त समाचार पीड़ित पक्ष के प्रार्थना पत्र एवं बयान पर आधारित है। यह केवल आरोप हैं, जिनकी पुष्टि अभी बाकी है।
