विवाद ने लिया हिंसक रूप, एक पक्ष ने दूसरे के घर पर बरसाए पत्थर; मकान-वाहन हुआ क्षतिग्रस्त
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।अंबेडकर नगर जिले के इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के गजराज का पूरा गांव सोमवार को आपसी विवाद की चिंगारी से दहल उठा। मामूली झगड़े ने हिंसक रूप ले लिया जब एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घर पर जमकर पथराव कर दिया। इस हमले में एक करकट नुमा मकान और एक वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पूरे गांव में देर तक अफरा-तफरी मची रही और तनाव चरम पर पहुंच गया।घटना का एक वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें पथराव की भयावह तस्वीरें देखकर लोग हैरान हैं।गांव निवासी रमेश उपाध्याय ने पुलिस को सूचना देते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी शिवकुमार पाठक, कृष्णकुमार पाठक समेत चार अन्य लोगों ने उनके घर पर हमला बोल दिया। पथराव से उनके मकान और वाहन को भारी नुकसान पहुंचा है।क्षेत्राधिकारी टांडा प्रदीप सिंह चंदेल ने बताया कि रमेश उपाध्याय की तहरीर के आधार पर इब्राहिमपुर थाने में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।सीओ चंदेल ने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान में गांव की स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस बल सतर्कता बरत रहा है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के पूरे प्रयास किए जा रहे हैं।अभी भी दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है, जिसे देखते हुए पुलिस गांव में निगरानी बढ़ाए हुए है।
