कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।आजमगढ़ के अहिरौला थाना क्षेत्र के कुसमहरा गांव निवासी अनिरुद्ध सिंह ने सोमवार को मोबाइल पर बेटी से बात करते हुए ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की अंतिम बातचीत की रिकॉर्डिंग बेटी के मोबाइल में सुरक्षित है।अनिरुद्ध सिंह सोमवार सुबह करीब पांच बजे घर से बाइक लेकर बिना किसी को बताए निकल गए थे। शाम छह बजे तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। जब कोई जानकारी नहीं मिली तो शाम को उनकी बेटी प्रीती सिंह (गोपालपुर गांव) को सूचित किया गया।प्रीती ने पिता को लगातार फोन किया। अनिरुद्ध सिंह अपना स्थान बदल-बदलकर बता रहे थे। वे कभी कटेहरी ब्लॉक तिराहा, प्रतापपुर चमुर्खा, कटेहरी रेलवे स्टेशन तो कभी बरियावन बाजार बताते रहे।रात करीब साढ़े आठ बजे प्रीती सिंह कुर्की बाजार पहुंची। इसी दौरान अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि वे गोपालपुर गांव के फिलिंग स्टेशन के पीछे रेलवे ट्रैक पर हैं और ट्रेन से कटकर जान दे रहे हैं। बेटी ने रो-रोकर उन्हें मना किया और वहां पहुंचने की बात कही, लेकिन तभी मालगाड़ी आ गई और अनिरुद्ध सिंह उसके सामने कूद गए।परिवारजन के पहुंचने पर रेलवे ट्रैक पर उनका शव और मोबाइल पड़ा मिला।मृतक के चचेरे भाई अखिलेश सिंह ने पुलिस को तहरीर दी है। अहिरौला थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मामले की गहन छानबीन की जा रही है। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद में यह घटना होने की आशंका जताई जा रही है।
