आमिर, देवल ब्यूरो ,रामनगर,जौनपुर। आज बराई गांव में बुधवार को आर.से.टी. (ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान), जौनपुर एवं आरोह फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को घरेलू उद्योगों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना तथा विभिन्न सरकारी बीमा योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम में आर.से.टी. के प्रशिक्षक जगदीश सर ने महिलाओं को सैनिटरी उत्पाद, सोडा, साबुन, हार्पिक तथा अन्य घरेलू उपयोग की वस्तुओं के निर्माण का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि इन उत्पादों का निर्माण कर महिलाएं स्वयं का रोजगार शुरू कर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकती हैं।
वहीं, आरोह फाउंडेशन के वित्तीय सलाहकार आशीष पटेल ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए इनके लाभ एवं पात्रता के बारे में महिलाओं को जागरूक किया। साथ ही महिलाओं के विरुद्ध होने वाली हिंसा, साइबर फ्रॉड, वित्तीय सुरक्षा तथा बैंकिंग संबंधी सावधानियों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़ी सीएलएफ अध्यक्ष, समूह सखी, आजीविका सखी, बैंक सखी सहित स्वयं सहायता समूह की सदस्य सावित्री, बबीता, अनुराधा, पुष्पा एवं अन्य सैकड़ों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उपस्थित महिलाओं ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए इसे स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने का आश्वासन दिया।
.jpeg)