आमिर, देवल ब्यूरो ,केराकत । जौनपुर केराकत तहसील क्षेत्र के थानागद्दी गांव में धार्मिक स्थल की भूमि को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि मंदिर की भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर मजार और कथित मस्जिद का निर्माण कराया गया है। इस संबंध में प्रशासन को दिए गए प्रार्थना पत्र के बाद राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और भूमि की पैमाइश कर प्रारंभिक जांच की।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि थानागद्दी बाजार से बड़ी मजार तक जाने वाली संकरी गली, बड़ी मजार का आधे से अधिक हिस्सा तथा छोटी मजार पूरी तरह मंदिर की भूमि पर स्थित है। उनका आरोप है कि वर्षों पहले मंदिर की जमीन पर अतिक्रमण कर वहां धार्मिक ढांचा खड़ा कर दिया गया, जिसकी निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जानी चाहिए।
सूत्रों के अनुसार, राजस्व विभाग की पैमाइश के दौरान लगभग 904 वर्गफुट भूमि मंदिर की बताई गई है, जिस पर कब्जा होने का दावा शिकायतकर्ताओं ने किया है। हालांकि इस संबंध में राजस्व विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है।
दूसरी ओर, इस पूरे मामले में दूसरे पक्ष का बयान भी सामने नहीं आया है। जिला प्रशासन और राजस्व विभाग ने फिलहाल किसी दावे की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि पैमाइश की रिपोर्ट और अभिलेखों के परीक्षण के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
संवेदनशील मामले को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। यह समाचार शिकायतकर्ताओं द्वारा लगाए गए आरोपों और उपलब्ध जानकारी पर आधारित है। मामले की वास्तविक स्थिति और अंतिम निष्कर्ष प्रशासनिक जांच तथा सक्षम अधिकारियों की रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
