आमिर, देवल ब्यूरो ,मानीकलां, जौनपुर। विकास खंड सोधी शाहगंज क्षेत्र के कस्बा मानीकलां में पिछले करीब 16 माह से जाम पड़ी नाली स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई है। कम्पोजिट विद्यालय के समीप स्थित मस्जिद जन्नतुल फिरदौस के पश्चिमी हिस्से की नाली की नियमित सफाई न होने से घरों का गंदा पानी बाहर नहीं निकल पा रहा है। इसके चलते गलियों और आसपास के घरों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार ग्राम पंचायत और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका। ग्रामीणों के अनुसार ग्राम विकास अधिकारी ने रोस्टर के अनुसार सफाई व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन धरातल पर इसका असर दिखाई नहीं दे रहा है।
नाली जाम होने से गंदा पानी लंबे समय से जमा है, जिससे पूरे इलाके में दुर्गंध फैल रही है। बरसात के मौसम में हालात और गंभीर हो गए हैं। लोगों का कहना है कि जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और डेंगू, मलेरिया सहित अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। वहीं बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को आने-जाने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि एक ओर जिला प्रशासन स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत नियमित साफ-सफाई और बेहतर जल निकासी व्यवस्था के दावे कर रहा है, वहीं मानीकलां में डेढ़ वर्ष से अधिक समय से जाम नाली प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।
स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से तत्काल नाली की सफाई कराकर जल निकासी बहाल कराने और लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में फिरोज अहमद, अल्ताफ अहमद, मोहम्मद अरशद, नदीम अनवर, मौलाना नसीम, हकीमुद्दीन, हाफिज तबरेज, मोहम्मद फैज, रेहान अहमद, रियाजुद्दीन, शकील अहमद, इश्तियाक अहमद, शाहनवाज अहमद, रियाज अहमद, निजामुद्दीन, मो. सालिम खान और मोहम्मद हैदर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने जल्द समाधान की मांग उठाई है।
.jpeg)