आमिर, देवल ब्यूरो ,चंदवक । जौनपुर चंदवक थाना क्षेत्र के मोढ़ेला बाजार स्थित नहर के समीप मंगलवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। वाराणसी से गोरखपुर की ओर जा रहा कोयला लदा ट्रेलर ओवरटेक करने के दौरान अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे की चपेट में सड़क किनारे खड़ा एक ट्रैक्टर भी आ गया, जिससे वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। संयोगवश दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब चार से पांच बजे के बीच हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रेलर तेज रफ्तार में था। ओवरटेक के प्रयास में चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसके बाद ट्रेलर पहले सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से टकराया और फिर सड़क से नीचे खाई में पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही चंदवक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने जेसीबी और अन्य वाहनों की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रेलर को हटवाया, जिसके बाद वाराणसी–आजमगढ़ मार्ग पर कुछ समय के लिए बाधित यातायात को सामान्य कराया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे में कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। सभी घायलों की हालत सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से ओवरटेक करना हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
