भारतीय क्रिकेट टीम इन दिनों इंग्लैंड के दौरे पर है। टी20 सीरीज में शर्मनाक क्लीन स्वीप के बाद टीम इंडिया ने वनडे सीरीज का जीत के साथ आगाज किया। इस बीच भारतीय कोचिंग स्टाफ को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच रेयान टेन डोशेट अपना पद छोड़ना चाहते हैं। उन्होंने BCCI को इस बारे में बता दिया है।
वादा पूरा नहीं हुआ
नीदरलैंड के पूर्व ऑलराउंडर ने वादा पूरा नहीं होने के कारण यह फैसला लिया है। बीसीसीआई फील्डिंग कोच टी दिलीप के बजाय टेन डोशेट को बनाए रखना चाहता है, लेकिन फिर भी वे अपने विकल्पों पर विचार कर रहे हैं। खबरों के अनुसार, पिछले एक साल में दिलीप के प्रदर्शन पर सवाल उठे हैं। भारतीय टीम ने इंग्लैंड टी20 सीरीज में कई कैच भी छोड़े थे।
आईपीएल में कर सकते वापसी
PTI की एक रिपोर्ट के मुताबिक, टेन डोशेट के भविष्य को लेकर कोई औपचारिक फैसला नहीं लिया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि वह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में वापसी करने के इच्छुक हैं। टीम इंडिया के मौजूदा असिस्टेंट कोच ने संभावित कोचिंग भूमिका को लेकर एक IPL फ्रेंचाइजी के साथ बातचीत की है।
गंभीर के साथ कर चुके काम
टेन डोशेट हेड कोच गौतम गंभीर की सिफारिश पर भारत के कोचिंग सेटअप में शामिल हुए थे। इससे पहले उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स में गंभीर के साथ काम किया था। सूत्रों के अनुसार, टेन डोशेट ने यह भूमिका तब स्वीकार की थी जब उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि आगे चलकर वह टीम के स्पेशलिस्ट फील्डिंग कोच का जिम्मा संभालेंगे। लगभग दो साल बीत जाने के बाद भी, यह बदलाव अभी तक नहीं हो पाया है।
मिलनी थी यह जिम्मेदारी
BCCI के एक सीनियर अधिकारी ने PTI को बताया, "सीतांशु कोटक बैटिंग कोच हैं और खुद गंभीर भी बल्लेबाजों की देखरेख करते हैं। मोर्ने मोर्केल तेज गेंदबाजों के इंचार्ज हैं और साईराज बहुतुले स्पिनरों का ध्यान रखते हैं। जब टेन डोशेट को टीम में शामिल किया गया था, तो उनसे फील्डिंग कोच की नौकरी का वादा किया गया था।"
1 साल का एक्सटेंशन मिला
सूत्र ने कहा, "चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद टी दिलीप को अभिषेक नायर (असिस्टेंट कोच), सोहम देसाई (स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच) और अरुण कनाडे (मसाजर) के साथ हटाए जाने की योजना थी। हालांकि, दिलीप के लिए एक सीनियर खिलाड़ी ने जोरदार सिफारिश की, जिससे उन्हें एक साल का एक्सटेंशन मिल गया। असल में टेन डोशेट की कोई खास भूमिका तय नहीं थी। वह एक बेहतरीन कोच हैं, लेकिन दिलीप के होने की वजह से उनका इस्तेमाल नहीं हो पाया।"
