आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर, 15 जुलाई। विकास खंड धर्मापुर में स्कूल चलो अभियान (द्वितीय चरण) के अंतर्गत ब्लॉक स्तरीय जागरूकता रैली एवं गोष्ठी का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने शिक्षकों, अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों से घर-घर संपर्क कर विद्यालय से बाहर रह गए बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं पुष्पगुच्छ भेंट के साथ हुई। इसके बाद निकाली गई जागरूकता रैली में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने शिक्षा के महत्व, नियमित विद्यालय उपस्थिति तथा परिषदीय विद्यालयों में मिलने वाली निःशुल्क सुविधाओं से जुड़े संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। रैली ने क्षेत्र में शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल बनाने का प्रयास किया।
गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि स्कूल चलो अभियान का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना और उसे गुणवत्तापूर्ण एवं समावेशी शिक्षा उपलब्ध कराना है। इसके लिए समाज के सभी वर्गों की सहभागिता आवश्यक है।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी धर्मापुर, शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षामित्र, अनुदेशक, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में हरिनाथ यादव, कमलेश कुमार यादव, महेंद्र कुमार यादव, धर्मेंद्र कुमार यादव, विक्रम प्रकाश, हवलदार राम, मनीष, सुजीत श्रीवास्तव और संगीता राय सहित अनेक शिक्षकों व शिक्षाकर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
