देवल संवाददाता, बूढ़नपुर, आजमगढ़।ग्राम प्रधानों के कार्यकाल बढ़ाये जाने की खबर के बाद विकासखंड कोयलसा क्षेत्र में ग्राम प्रधानों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। ग्राम प्रधान संघ अध्यक्ष कोयलसा अमरनाथ सिंह के नेतृत्व में क्षेत्र के ग्राम प्रधानों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया और प्रदेश सरकार के निर्णय का स्वागत किया।
इस दौरान ग्राम प्रधान संघ अध्यक्ष अमरनाथ सिंह ने कहा कि पिछले कई दिनों से ग्राम प्रधानों में चिंता का माहौल बना हुआ था। चर्चा चल रही थी कि 26 मई को ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद गांवों में प्रशासक नियुक्त कर दिये जाएंगे। इससे ग्राम पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों और उनके भुगतान को लेकर प्रधान परेशान थे। कई गांवों में विकास कार्य पूरे हो चुके थे लेकिन भुगतान प्रक्रिया अधूरी पड़ी थी।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस निर्णय से ग्राम प्रधानों को बड़ी राहत मिली है। अब गांवों में विकास कार्यों की गति प्रभावित नहीं होगी और अधूरे कार्यों को भी पूरा कराया जा सकेगा। प्रधानों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने पंचायत प्रतिनिधियों का सम्मान बढ़ाने का कार्य किया है।ग्राम प्रधानों ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जो विश्वास ग्राम प्रधानों पर जताया है, उसका जवाब प्रधान आने वाले 2027 के चुनाव में “सूद समेत” देने का काम करेंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानों ने सरकार के समर्थन में जमकर नारेबाजी भी की।
इस अवसर पर प्रधान संघ उपाध्यक्ष श्रीमती दुर्गा यादव, मकरंद यादव, प्रधान संघ महामंत्री सुरेश कुमार, प्रधान संघ सचिव हरिलाल प्रजापति, प्रधान संरक्षक एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग सिंह, अवधेश कुमार, रिखू पटेल, हरिओम निषाद, अंगद यादव, धर्मराज यादव, सुरजीत कुमार, सलमान, जैद सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।