आमिर, देवल ब्यूरो ,सिरकोनी । जौनपुर विकास खंड के नगर पंचायत कचगांव स्थित प्राथमिक विद्यालय राजेपुर द्वितीय में स्कूल चलो अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से ग्रामीणों और अभिभावकों को अपने बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने तथा नियमित रूप से स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया गया।
खंड शिक्षा अधिकारी अमरेश कुमार सिंह के निर्देश पर आयोजित इस रैली का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाध्यापक रामकृष्ण विश्वकर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया। विद्यालय परिसर से निकली रैली विभिन्न मोहल्लों और गलियों से होकर गुजरी। इस दौरान छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने शिक्षा के महत्व से जुड़े नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया और प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ने का संदेश दिया।
रैली में विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष सहित शिक्षिकाएं सुनीता यादव, शशिकला, कंचन और अर्चना ने सक्रिय भागीदारी निभाई। शिक्षकों ने अभिभावकों को बताया कि सरकारी विद्यालयों में बच्चों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म, मध्यान्ह भोजन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जाता है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी बेहतर शिक्षा मिल सके।
अभियान का सकारात्मक प्रभाव भी देखने को मिला। विद्यालय प्रशासन के अनुसार जागरूकता अभियान के दौरान पांच नए बच्चों का नामांकन कराया गया। प्रधानाध्यापक ने कहा कि स्कूल चलो अभियान का उद्देश्य क्षेत्र का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और सभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके। विद्यालय परिवार ने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम जारी रखने का संकल्प लिया।
