आमिर, देवल ब्यूरो ,केराकत । जौनपुर केराकत क्षेत्र के नाऊपुर (थाना गद्दी) स्थित लाइफ केयर हॉस्पिटल मल्टी स्पेशलिटी एंड ट्रॉमा सेंटर में डिलीवरी के दौरान एक प्रसूता की मौत हो जाने से मंगलवार को अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि, प्रसूता द्वारा जन्मा नवजात शिशु पूरी तरह सुरक्षित बताया जा रहा है।
मृतका की पहचान रेखा, पत्नी बुद्ध बनवासी, के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि प्रसव के दौरान रेखा की तबीयत बिगड़ती रही, लेकिन अस्पताल प्रशासन ने समय रहते समुचित इलाज नहीं किया। उनका कहना है कि चिकित्सकीय लापरवाही के कारण ही रेखा की जान गई।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद अस्पताल के डॉक्टर और संचालक अस्पताल छोड़कर चले गए, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को शांत कराया और मामले की जांच शुरू कर दी।
क्षेत्राधिकारी अजय राय ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। परिजनों के आरोपों, अस्पताल के रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम ने बताया कि मामले की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम गठित कर अस्पताल भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि अस्पताल के दस्तावेज, उपचार की प्रक्रिया और अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच की जा रही है।
सीएमओ के अनुसार, संबंधित अस्पताल पंजीकृत है, लेकिन उसके लाइसेंस का नवीनीकरण अभी लंबित है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद यदि किसी प्रकार की अनियमितता या चिकित्सकीय लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही प्रसूता की मौत के वास्तविक कारणों और जिम्मेदारी का स्पष्ट पता चल सकेगा।
