देवल संवाददाता, बूढ़नपुर (आजमगढ़)। बूढ़नपुर गन्ना समिति परिसर में गुरुवार को तीन दिवसीय कृषि मेला एवं किसान गोष्ठी का शुभारंभ हुआ। मेले में किसानों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, गन्ना उत्पादन, बीमा तथा आधुनिक कृषि तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में यूनियन बैंक के अधिकारियों ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा किसान दुर्घटना बीमा सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों से अधिक से अधिक संख्या में इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
इस अवसर पर जिला गन्ना अधिकारी रंजीत कुमार निराला ने किसानों को गन्ना पर्ची, सट्टा, गन्ना सर्वे, भुगतान तथा पर्ची से जुड़ी समस्याओं के समाधान के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विभाग किसानों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है और भुगतान एवं पर्ची संबंधी शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व गन्ना चेयरमैन बालमुकुंद सिंह ने की। उन्होंने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। विभागीय अधिकारियों के सहयोग से किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।
गन्ना समिति के सचिव अशोक कुमार सिंह ने बताया कि कृषि मेला एवं किसान गोष्ठी का आयोजन 9 जुलाई से 11जुलाई तक किया जा रहा है। इस दौरान किसान बीमा, पेंशन, गन्ना प्रबंधन, सरकारी योजनाओं तथा कृषि संबंधी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही किसानों की विभिन्न समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण करने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर लालचंद प्रसाद, आशुतोष द्विवेदी, शुभम सिंह, शत्रुघ्न यादव, ओमप्रकाश, हरिओम, अजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।