देवल संवाददाता, बूढ़नपुर (आजमगढ़)। शिक्षा क्षेत्र कोयलसा के सीलमपुर न्याय पंचायत अंतर्गत सर्व शिक्षा अभियान के तहत गुरुवार को भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर शिक्षा के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया।
रैली को प्रमुख प्रतिनिधि संतोष यादव एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली बूढ़नपुर, बड़ागांव, मिश्रौलिया, भैरोपुर, कबीरूद्दीनपुर और मोहननगर सहित विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी तथा अंत में एक गोष्ठी में परिवर्तित हो गई।
रैली में कंपोजिट विद्यालय कबीरूद्दीनपुर, उच्च प्राथमिक विद्यालय बड़ागांव, उच्च प्राथमिक विद्यालय मुबारकपुर, उच्च प्राथमिक विद्यालय भैरोपुर, प्राथमिक विद्यालय भीलमपुर छपरा सहित कई विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। बच्चों ने हाथों में शिक्षा संबंधी संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों को प्रत्येक बच्चे को विद्यालय भेजने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राथमिक शिक्षक सुरेंद्र सिंह ने की, जबकि कार्यक्रम का नेतृत्व खंड शिक्षा अधिकारी पंकज मौर्य ने किया। इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अजय सिंह ने कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे अभियान समय-समय पर आयोजित किए जाते रहेंगे।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रमोद यादव, नागेंद्र दुबे, मनोज दुबे, पवन, प्रदीप सिंह, डॉ. अभिनव सिंह, महेश सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
