शादी समारोह के दौरान भोजन को लेकर हुआ विवाद
देवल संवाददाता लालगंज (आजमगढ़) सिधौना मेंहनाजपुर थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान भोजन को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। घटना के महज 24 घंटे के भीतर पुलिस ने मुख्य आरोपी अजीत यादव उर्फ भन्टा को पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार तड़के करीब 1:40 बजे थाना मेंहनाजपुर पुलिस करसड़ा नहर पुलिया के पास संदिग्ध बाइक सवार की तलाश में चेकिंग कर रही थी। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन उसकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। खुद को घिरता देख उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल भेजा गया। शादी में खाने को लेकर हुआ था विवाद, युवक की गई थी जान 7 जुलाई की रात ग्राम डंडवल में आयोजित एक शादी समारोह में भोजन करने की बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि अजीत यादव उर्फ भन्टा अपने साथियों के साथ मिलकर प्रीतोष राजभर और ओटू राजभर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में प्रीतोष राजभर के सिर में गंभीर चोट आई और उपचार के लिए ले जाते समय उसकी मौत हो गई। वहीं इस मामले में मृतक की मां चन्द्रकला की तहरीर पर थाना मेंहनाजपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मुख्य आरोपी के रूप में अजीत यादव उर्फ भन्टा का नाम सामने आया, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। एनडीपीएस एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं सहित कुल सात मुकदमे दर्ज हैं। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।
