देवल संवाददाता लालगंज (आजमगढ़) लालगंज क्षेत्र के देवगांव कोतवाली अंतर्गत बसहीं मोड़ के पास गुरुवार सुबह जामिया फैज-ए-आम, शेखूपुर की स्कूल बस हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना में आठ वर्षीय छात्र यूनुस की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य छात्र को हल्की चोट आई। बस में उस समय करीब 45 छात्र सवार थे। स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, स्कूल बस बनारपुर गांव से बच्चों को लेकर जामिया फैज-ए-आम, शेखूपुर स्कूल जा रही थी। बसहीं मोड़ के पास अचानक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्चों को बस से बाहर निकाला। हादसे में यूनुस (8 वर्ष) पुत्र बेलाल, निवासी बनारपुर, कक्षा दो का छात्र था, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बस में सवार एक अन्य छात्र को हल्की चोट आई जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया।
मृतक के पिता बेलाल खेती- किसानी कर परिवार का पालन- पोषण करते हैं। हादसे के बाद मां नाजिया का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक का छोटा भाई ईशा (6)वर्ष है। घटना की सूचना पर देवगांव कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
