आमिर, देवल ब्यूरो ,तेजीबाजार ।जौनपुर तेजीबाजार थाना क्षेत्र के भोसीला-पन्नेपुर गांव में बुधवार सुबह एक 25 वर्षीय विवाहिता का शव कमरे में छत के पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान प्रियंका उपाध्याय (25) पत्नी प्रवेश उपाध्याय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसकी शादी करीब एक वर्ष तीन माह पहले हुई थी और उसकी ढाई माह की एक बेटी भी है। विवाहिता का मायका तेजीबाजार क्षेत्र के भोसीला-पन्नेपुर गांव में, जबकि ससुराल मीरगंज थाना क्षेत्र के जरौना गांव में है।
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, मंगलवार रात या बुधवार सुबह किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद प्रियंका अपने कमरे में चली गई। काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर परिजनों ने दरवाजा खोलने का प्रयास किया। जब कोई जवाब नहीं मिला तो खिड़की से देखा गया, जहां उसका शव पंखे से लटका मिला। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही तेजीबाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतरवाया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। मामले में पूछताछ के लिए पुलिस ने मृतका के पति और ननद को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की है।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद के बाद आत्महत्या का प्रतीत होता है, हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में इस घटना को लेकर शोक और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।
.jpeg)