आमिर, देवल ब्यूरो ,सतहरिया (जौनपुर)। औद्योगिक क्षेत्र सीडा (सतहरिया) में लगातार बंद हो रही औद्योगिक इकाइयों, उद्योगों के पलायन और बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सीडा कार्यालय के बाहर धरना दिया और बाद में राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन अधिकारियों को सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की।
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि सीडा औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के कार्यकाल में हुई थी, लेकिन वर्तमान प्रदेश सरकार इस क्षेत्र की लगातार उपेक्षा कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण औद्योगिक इकाइयां बंद हो रही हैं और कई उद्योग दूसरे राज्यों की ओर पलायन कर रहे हैं, जिससे स्थानीय युवाओं के रोजगार पर संकट गहरा गया है।
मड़ियाहूं विधानसभा के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. परमेन्द्र सिंह ने कहा कि सीडा की स्थापना का उद्देश्य जौनपुर और आसपास के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना था, लेकिन आज उद्योगों की बदहाल स्थिति के कारण युवाओं को रोजगार की तलाश में दूसरे शहरों की ओर पलायन करना पड़ रहा है।
जिला उपाध्यक्ष लाल प्रकाश पाल ने कहा कि जिन किसानों की भूमि औद्योगिक क्षेत्र के लिए अधिग्रहित की गई थी, उन्हें आज तक अपेक्षित सुविधाएं और लाभ नहीं मिल सके हैं। वहीं महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष रेखा सिंह ने सीडा परिसर में फैली गंदगी, जलभराव और खराब व्यवस्थाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे उद्योग संचालकों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मूंगराबादशाहपुर नगर अध्यक्ष निशु केसरी ने चेतावनी दी कि यदि सीडा क्षेत्र की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया और उद्योगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं, तो कांग्रेस पार्टी व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगी।
धरना-प्रदर्शन को ओवरसीज कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अनिल सिंह, जिला उपाध्यक्ष देवराज पांडेय, राकेश मिश्रा 'मंगला', विनय तिवारी, इरशाद खान, जब्बार अली सलमानी, सुरेश गौंड, राजेंद्र गुप्ता 'मुन्नू', अरविंद यादव, चंद्रशेखर शुक्ला, जयप्रकाश मिश्रा, विनय मिश्रा, तौसीफ अहमद 'राजू', राजेश दूबे, सुरेश दुबे, अतुल त्रिपाठी, लोकेश दुबे, संदीप सरोज, इकबाल हुसैन और मुहम्मद तातिर सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
