आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार जनपद में सोमवार को महान राष्ट्रभक्त एवं दानवीर शिरोमणि भामाशाह की जयंती 'व्यापारी कल्याण दिवस' के रूप में उत्साहपूर्वक मनाई गई। राज्य कर विभाग द्वारा आयोजित समारोह में व्यापारियों के योगदान को सम्मानित करते हुए उनके कल्याण, सुरक्षा और आर्थिक विकास में उनकी भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव रहे, जबकि जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन तथा भामाशाह के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि दानवीर भामाशाह का त्याग, राष्ट्रभक्ति और समाजसेवा आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने व्यापारियों को देश और समाज की आर्थिक रीढ़ बताते हुए राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख किया।
राज्य कर विभाग के उपायुक्त अक्षय लाल ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया।
समारोह में जनपद के आर्थिक विकास और कर संग्रह में उल्लेखनीय योगदान देने वाले आठ प्रमुख करदाताओं को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं संस्कृति विभाग की ओर से राहुल पाठक ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।
कार्यक्रम का संचालन उपायुक्त राज्य कर वरुण कुमार त्रिपाठी ने किया। समारोह में राज्य कर विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न व्यापार मंडलों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए व्यापारियों के हितों की रक्षा और जनपद के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी को और सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया।
