देवल संवाददाता, आजमगढ़। आगामी संभावित बाढ़ को देखते हुए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने सोमवार को तहसील सगड़ी के ग्राम सहबदिया सुल्तानपुर स्थित कटान प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने नदी किनारे कराए जा रहे कटान रोधी कार्यों और परकुपाइन संरचनाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ कार्य कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से कहा कि कटान रोकने के लिए किए जा रहे सभी सुरक्षात्मक कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप और उच्च गुणवत्ता के साथ कराए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कटान रोधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। जहां आवश्यकता हो, वहां प्राथमिकता के आधार पर अतिरिक्त कार्य कर ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने ग्रामीण बृजेश पटेल से बातचीत कर पिछले वर्ष की तुलना में नदी के कटान की स्थिति की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बढ़ते कटाव से उत्पन्न खतरे से अवगत कराया, जिस पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को गंभीरता से आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि निरीक्षण में पाया गया कि पिछले वर्ष की तुलना में नदी का बहाव गांव की ओर और बढ़ गया है। पूर्व में पत्थरों से डम्पलर बनाए जाने के बावजूद उसके पीछे कटान जारी है। ऐसे में सिंचाई विभाग के साथ मिलकर विस्तृत तकनीकी एस्टीमेट तैयार कर शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा, ताकि तट का स्थायी सुदृढ़ीकरण कराया जा सके और भविष्य में बाढ़ के दौरान कटान को रोका जा सके।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को प्रभावित ग्रामीणों के बयान और स्थानीय परिस्थितियों का विस्तृत विवरण संकलित कर प्रस्ताव प्रमुख सचिव को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद प्रशासन बाढ़ एवं कटान प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखे हुए है और जन-धन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने हाजीपुर में निर्माणाधीन बंधे का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान एसडीएम सगड़ी श्याम प्रताप सिंह, सिंचाई विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
