देवल संवाददाता, आजमगढ़। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने टेलीग्राम के जरिए ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान स्वप्निल पुत्र विजय बहादुर, निवासी ग्राम खुरचंदा, थाना पवई, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न राज्यों से कई एनसीआरपी (NCRP) शिकायतें दर्ज हैं। मुरादाबाद की एक शिकायत करीब 49.04 लाख रुपये की साइबर ठगी से संबंधित है।
पुलिस जांच में सामने आया कि स्वप्निल अपने फरार साथी राज शिखर सिंह उर्फ राजा टीजी के साथ मिलकर टेलीग्राम पर कई फर्जी चैनल और ग्रुप संचालित करता था। इन ग्रुपों में कैसीनो, रम्मी और लॉटरी गेम में भारी मुनाफे का लालच देकर गिफ्ट कोड और रेफरल कोड उपलब्ध कराए जाते थे। पीड़ितों से पैसे जमा कराने के बाद उनकी टेलीग्राम आईडी ब्लॉक कर दी जाती थी और रकम हड़प ली जाती थी।
प्रतिबिंब पोर्टल से प्राप्त शिकायतों की जांच के दौरान साइबर थाना पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के लिए बुलाया। उसके मोबाइल की जांच में ग्राहकों के साथ चैट, गिफ्ट कोड, रेफरल कोड और अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले। इसके आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विभिन्न बैंक खातों पर कई राज्यों से साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं, जिससे उसके संगठित साइबर अपराध में शामिल होने के प्रमाण मिले हैं।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1,800 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 319(2), 317(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66C और 66D के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मामले में आरोपी का साथी राज शिखर सिंह उर्फ राजा टीजी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
