देवल संवाददाता, बूढ़नपुर गन्ना किसानों और उनके परिजनों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से सहकारी गन्ना विकास समितियों द्वारा तीन दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया जा रहा है। इस अभियान के तहत किसानों को विभिन्न बीमा एवं पेंशन योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही नामांकन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
गन्ना आयुक्त के निर्देश पर आयोजित इस अभियान में किसानों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना सहित केंद्र सरकार की अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। अब गन्ना समितियां केवल सर्वे, बेसिक कोटा निर्धारण और अभिलेख अद्यतन तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि किसानों के आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा कवच को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
तीन दिवसीय गोष्ठी में बैंक, एफपीओ, चीनी मिल तथा अन्य सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। किसानों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, बैंकिंग सुविधाओं और नामांकन संबंधी पूरी जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा नए सदस्यों का पंजीकरण, बैंक खाता खुलवाने तथा अन्य आवश्यक सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। महिला स्वयं सहायता समूहों की सहभागिता भी इस अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा रहेगी।
सहकारी गन्ना विकास समिति लिमिटेड, घोसी के सचिव अशोक कुमार सिंह ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य गन्ना किसानों की आर्थिक सुरक्षा, वित्तीय समावेशन और भविष्य की सामाजिक स्थिरता सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिक से अधिक किसानों से अपील की कि वे अपने परिवार के साथ शिविर में पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठाएं और अपने भविष्य को सुरक्षित बनाएं।
यह पहल गन्ना किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे उन्हें खेती के साथ-साथ सामाजिक सुरक्षा का भी मजबूत आधार मिलेगा।
